जशपुर/पत्थलगांव। जिले के पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तमता के वार्ड क्रमांक 10 में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक करीब 7 फीट लंबा विशालकाय अजगर घर की बाड़ी में दिखाई दिया। जानकारी के अनुसार, अजगर ने एक बिल्ली का शिकार कर उसे निगल लिया था। शिकार भारी होने के कारण अजगर वहीं सुस्त अवस्था में बैठा रहा, जिसे देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही सर्प मित्र मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद अजगर को जंगल में ले जाकर प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
समय रहते अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू होने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं वन्यजीव प्रेमियों ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तुरंत सर्प मित्र या वन विभाग को सूचना दें और स्वयं किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं।
