बगीचा आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

जशपुर। जिले के बगीचा स्थित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति सम्मान और समर्पण का भाव प्रकट किया। इस अवसर पर भाजपा नेता वरुण जैन, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों और शिक्षकों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

समारोह के दौरान देश की आजादी और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति का संदेश दिया गया। विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना रहा। विद्यालय परिवार ने सभी उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं और देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए संकल्प लिया।

श्री शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं। शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और जिम्मेदारी की भावना को जीवन में अपनाकर विद्यार्थी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने तथा समाज और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

शर्मा ने आगे कहा कि भारत आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और युवाओं की प्रतिभा एवं मेहनत देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों से ‘पहले देश, फिर समाज और उसके बाद स्वयं’ की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि हमें ऐसा भारत बनाना है, जिस पर आने वाली पीढ़ियां गर्व कर सकें। अंत में उन्होंने विद्यालय परिवार, शिक्षकों और विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

-->