वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक यू. डी. मिंज ने केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को भाजपा प्रायोजित बदले की राजनीति करार दिया है। उन्होंने कहा कि श्रीमती सोनिया गांधी और श्री राहुल गांधी के खिलाफ ED द्वारा की गई चार्जशीट और कार्रवाई निंदनीय है और इससे भाजपा की कुंठित मानसिकता उजागर होती है।
यू. डी. मिंज ने कहा कि गांधी परिवार ने देशहित में जीवन समर्पित किया है, उनके त्याग, संघर्ष और ईमानदारी को हर भारतवासी जानता है। लेकिन भाजपा उनके योगदान को दरकिनार कर उन्हें झूठे मामलों में फंसाकर साजिश रच रही है। यह कार्रवाई जनता के जननायकों को अपमानित करने का एक षड्यंत्र है।
उन्होंने आगे कहा कि –
“भाजपा सच की आवाज़ से डरती है, इसलिए सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रही है। लेकिन कांग्रेस का कोई भी सिपाही डरने वाला नहीं है। हम एकजुट होकर सोनिया जी और राहुल जी के साथ खड़े हैं। सत्य की यह लड़ाई हम पूरे साहस से लड़ेंगे।”
यू. डी. मिंज ने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा की ऐसी ओछी हरकतें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हौसले को नहीं तोड़ सकतीं। देश का लोकतंत्र बचाने की इस लड़ाई में कांग्रेस मजबूती से अपने नेताओं के साथ खड़ी है।
