जन्मदिन पर दिव्यांग बच्चों के बीच मनाया खुशियों का उत्सव, न्योता भोजन के साथ खेल सामग्री व अध्ययन सामग्री की भेंट

जशपुरनगर, 8 जुलाई 2026 छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ‘न्योता भोजन’ योजना के तहत 6 जुलाई 2026 को समर्थ आवासीय दिव्यांग प्रशिक्षण केन्द्र, जशपुर में एक प्रेरणादायी आयोजन किया गया। जिला जनसंपर्क अधिकारी नूतन सिदार ने अपने पुत्र प्रखर कुमार के जन्मदिवस के अवसर पर दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए विशेष न्योता भोजन का आयोजन कराया।

इस अवसर पर बच्चों को स्वादिष्ट भोजन कराने के साथ-साथ खेल सामग्री, कॉपियां, पेन, कंपास बॉक्स एवं अन्य उपयोगी उपहार सामग्री भी वितरित की गई। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने उत्साहपूर्वक न्योता भोजन का आनंद लिया और आयोजन के प्रति अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।

कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के उप संचालक धर्मेन्द्र कुमार साहू, वरिष्ठ प्रबंधक श्रवण कुमार भगत, सहायक अधीक्षक वेद प्रकाश कुलदीप, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि ‘न्योता भोजन’ योजना सामुदायिक सहभागिता पर आधारित एक अभिनव पहल है। इस योजना के माध्यम से जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, राष्ट्रीय पर्व एवं अन्य विशेष अवसरों पर आमजन स्कूलों, आश्रमों एवं छात्रावासों में अध्ययनरत बच्चों के लिए भोजन का आयोजन कर उन्हें खुशियों में सहभागी बना सकते हैं। यह पहल समाज में सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

-->