ब्रेकिंग न्यूज – जशपुर के प्राथमिक स्कूलों में नौनिहाल अब सादरी में सीखेंगे पढ़ाई की पहली ‘नींव’

जशपुरनगर। बच्चों की मातृभाषा को उनकी सीखने की ताकत बनाने की दिशा में जशपुर जिले में ‘नींव’ बहुभाषी शिक्षा कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है। कुनकुरी और बगीचा विकासखंड के 202 प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा 1 और 2 के बच्चों को शुरुआती शिक्षा उनकी घरेलू भाषा सादरी के माध्यम से दी जाएगी।

पहले चरण में बगीचा के 119 स्कूलों में कार्यक्रम लागू होगा। इसके लिए 8 से 12 सितंबर तक पांच दिवसीय विशेष शिक्षक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दो बैच शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बगीचा और तीसरा बैच शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, पंडरापाठ में हुआ।

प्रशिक्षण में शिक्षकों को सादरी भाषा, स्थानीय कहानियों, गीतों, कविताओं और चित्रों के माध्यम से बच्चों को सहज तरीके से पढ़ाने की तकनीक सिखाई गई। साथ ही बच्चों को धीरे-धीरे हिंदी से जोड़ने की विधि भी बताई गई।

कार्यक्रम के सफल संचालन में विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन पटेल और खंड स्रोत समन्वयक कृष्ण कुमार राठौर का मार्गदर्शन रहा। प्रशिक्षण को DIET के चयनित जिला स्रोत समूह (DRG) और लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन (LLF) के तकनीकी सहयोग से संचालित किया गया।

‘नींव’ का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति और कक्षा में सहभागिता बढ़ाना है। स्थानीय भाषा और संस्कृति को शिक्षा से जोड़ने वाली यह पहल जशपुर के नौनिहालों के लिए सीखने की मजबूत और खुशहाल शुरुआत साबित होने की उम्मीद है।

-->