छत्तीसगढ़ का जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहाँ दुष्कर्म की शिकार हुई 18 वर्षीय मूकबधिर युवती की मौत के मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। युवती को घटना के बाद 3 अप्रैल को जशपुर स्थित सखी सेंटर में रखा गया था, जहां उसकी देखरेख और उपचार की व्यवस्था की जा रही थी। 19 मई को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. जी.एस. जात्रा ने बताया कि युवती को 12 मई को पेट दर्द की शिकायत के बाद सखी सेंटर से जिला अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में उसका उपचार किया गया और दवा देने के बाद उसकी स्थिति में सुधार होने पर उसे वापस सखी सेंटर भेज दिया गया। इसके बाद 19 मई को फिर उसकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। सखी सेंटर के कर्मचारी उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सीएमएचओ ने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान युवती के शरीर से सेफ्टी पिन और कॉर्क (कॉक) के कुछ हिस्सों जैसी संदिग्ध वस्तुएं मिली हैं। इन वस्तुओं को विस्तृत परीक्षण के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि 3 अप्रैल को युवती को सखी सेंटर लाया गया था, जहां उसकी नियमित देखभाल की जा रही थी। स्वास्थ्य खराब होने पर उसे समय-समय पर जिला अस्पताल में उपचार भी उपलब्ध कराया गया। 12 मई को उपचार के बाद उसे वापस सखी सेंटर लाया गया था। 19 मई को पुनः स्वास्थ्य बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
आपको बता दे कि मूकबधिर बालिका की पहचान नहीं हो पाई है, पुलिस के अनुसार रेप के आरोपी को 4 अप्रैल को ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है ।
