ब्रेकिंग जशपुर: प्रेम संबंध और जमीन विवाद में महिला की हत्या, शव रेत में दफनाकर साक्ष्य छिपाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

जशपुर, 2 अगस्त। जशपुर जिले के दोकड़ा चौकी क्षेत्र के ग्राम बंदरचुआ रौतियाबस्ती में महिला की हत्या कर शव को रेत में दफनाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में दो महिलाओं और शव को ठिकाने लगाने में सहयोग करने वाले मृतका के बेटे सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को हरावती बाई (58) के घर से तेज दुर्गंध आने और मकान पर ताला लगे होने की सूचना मिलने पर दोकड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में जांच के दौरान घर के पास निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के समीप रेत में दफन महिला का शव बरामद हुआ। शव की पहचान हरावती बाई के रूप में हुई।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मृतका के पुत्र भूषण राम की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि पड़ोस में रहने वाली श्यामपति बाई से उसके पिछले करीब पांच वर्षों से प्रेम संबंध थे। साथ ही मृतका और श्यामपति बाई के परिवार के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद भी चल रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया कि 24 जुलाई की रात श्यामपति बाई और उसकी मां बुधमति बाई ने हरावती बाई की गला दबाकर हत्या कर दी। अगले दिन घटना की जानकारी मिलने पर दोनों महिलाओं ने भूषण राम को किसी को भी इसकी जानकारी नहीं देने के लिए कहा। कुछ दिनों बाद शव से दुर्गंध आने लगी तो तीनों ने मिलकर रात के समय शव को घर से निकालकर निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के पास गड्ढा खोदकर रेत में दफना दिया, ताकि साक्ष्य छिपाए जा सकें।

पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर शव दफनाने में प्रयुक्त फावड़ा समेत अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद कर जब्त की है। घटनास्थल से मिले साक्ष्य, एफएसएल रिपोर्ट, गवाहों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों की संलिप्तता प्रमाणित होने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में श्यामपति बाई (42), बुधमति बाई (65) और भूषण राम (29), सभी निवासी ग्राम बंदरचुआ, चौकी दोकड़ा, जिला जशपुर शामिल हैं। तीनों को 1 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।

जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि दोकड़ा क्षेत्र में महिला हत्या के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

-->