ब्रेकिंग जशपुर- बदहाल शिक्षा व्यवस्था: टपकती छत के नीचे पढ़ने को मजबूर नौनिहाल

जशपुर। जिले के बगीचा विकासखंड से शिक्षा व्यवस्था की बदहाली की तस्वीर सामने आई है। यहां गम्हारकोना प्राथमिक शाला में बारिश के दौरान स्कूल भवन की छत से पानी टपकने के कारण नौनिहालों को परेशानी के बीच पढ़ाई करने को मजबूर होना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि बारिश के पानी से बच्चों और स्कूल के सामान को बचाने के लिए भवन की छत पर तिरपाल लगाया गया है। इसके बावजूद स्कूल भवन की हालत विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

स्कूल भवन से पानी टपकने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में स्कूल की जर्जर व्यवस्था और बारिश के दौरान बच्चों को होने वाली परेशानी साफ तौर पर दिखाई दे रही है।

ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को बेहतर और सुरक्षित माहौल में शिक्षा मिलना जरूरी है। ऐसे में स्कूल भवन की खराब स्थिति को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाने की मांग की जा रही है।

गम्हारकोना प्राथमिक शाला की यह तस्वीर सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को लेकर किए जा रहे दावों पर भी सवाल खड़े करती है। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग और प्रशासन इस मामले में कब तक कार्रवाई करते हैं और बच्चों को सुरक्षित स्कूल भवन उपलब्ध कराया जाता है।

-->