छत्तीसगढ़ का जशपुर के लोरो घाट में हुए एक भीषण सड़क हादसे में जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से तीन लोगों की जान बच गई। कोयला लेकर रायपुर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर सुरक्षा रेलिंग से टकरा गया, जिसमें चालक समेत तीन लोग केबिन में बुरी तरह फंस गए। करीब तीन घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
देर शाम करीब सात बजे धनबाद से रायपुर जा रहा कोयला लदा ट्रक लोरो घाट में हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि चालक, वाहन मालिक समेत तीन लोग ट्रक के केबिन में फंस गए। सूचना मिलते ही थाना दुलदुला पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग, डॉयल-112, अग्निशमन दल और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस मितान और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान में कटर मशीन से ट्रक का केबिन काटकर तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी घायलों का इलाज जशपुर जिला अस्पताल में जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी के लिए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने साहसिक अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों और सहयोगी नागरिकों को सम्मानित करने की घोषणा की है। साथ ही लोगों से सड़क दुर्घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस और डॉयल-112 को सूचना देकर “गुड सेमिरिटन” बनकर मानव जीवन बचाने की अपील की है।
