
जशपुर जिले के बगीचा बस स्टैंड स्थित कैपिटल मोबाइल दुकान में देर रात ऐसी चोरी हुई जिसने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। हैरानी की बात यह है कि वारदात बगीचा थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई, फिर भी चोर बेखौफ होकर दुकान का शटर तोड़ते रहे और लाखों रुपये के मोबाइल समेटकर फरार हो गए।
दुकान संचालक सबा के अनुसार, चोरी में करीब 60 से 70 लाख रुपये के मोबाइल ले जाए गए हैं। जाते-जाते चोर दुकान के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ गए, जिससे साफ है कि वे पूरी तैयारी के साथ आए थे।
सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब थाना इतनी नजदीक है तो आखिर रात की गश्त कहां थी? क्या चोरों के हौसले पुलिस से ज्यादा बुलंद हो गए हैं? अगर थाने के करीब 500 मीटर दूर में स्थित दुकान भी सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों और व्यापारियों की सुरक्षा का जिम्मेदार कौन?
घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन इस वारदात ने कानून-व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

