ब्रेकिंग जशपुर – कुनकुरी में मोबाइल दुकान में लाखों की चोरी, CCTV में संदिग्ध कैद

जशपुर। जिले के कुनकुरी स्थित जय स्तंभ चौक के पास कठौतिया मोबाइल दुकान में देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर दुकान से कई महंगे मोबाइल फोन समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत का आकलन फिलहाल नहीं हो सका है।

दुकान संचालक पंकज पारीक के मुताबिक वारदात रात करीब 3 बजे हुई। चोर पीछे के दरवाजे से दुकान में दाखिल हुए और शटर का ताला काटकर अंदर रखे मोबाइल फोन व अन्य सामान पार कर दिया। वारदात के लिए इस्तेमाल किए गए ताला काटने के औजार भी चोर मौके पर ही छोड़ गए।

घटना की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ चोरों की तलाश के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली है।

वहीं, दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग नजर आए हैं। पुलिस CCTV फुटेज और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।

मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना से स्थानीय व्यापारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।

-->