ब्रेकिंग जशपुर – अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर कोटवार संघ का एक दिवसीय धरना,मांग पूरी नही होने पर अनिश्चित कालीन हड़ताल पर रहेंगे।

जशपुर जिले में कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ (पंजीयन क्रमांक-40) के बैनर तले शुक्रवार को कोटवार संघ ने 7 सूत्रीय मांग को लेकर जशपुर तहसील मुख्यालय में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना प्रदर्शन के माध्यम से कोटवारों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

एसोसिएशन द्वारा जारी मांगपत्र में कोटवारों को नियमित करते हुए राजस्व विभाग में संविलियन करने, मासिक पारिश्रमिक बढ़ाकर न्यूनतम 15 हजार रुपये करने तथा नियुक्ति प्रक्रिया में हो रहे भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग की गई। साथ ही कोटवारों के परिवार के सदस्यों को नियुक्ति में प्राथमिकता देने की भी मांग उठाई गई।

इसके अलावा संगठन ने झूठे आरोपों के आधार पर कोटवारों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई पर रोक लगाने, कोटवारों से अनावश्यक बेगारी नहीं लेने संबंधी आदेशों का कड़ाई से पालन कराने तथा नगर पालिका एवं नगर निगम क्षेत्रों में कोटवारों की नियुक्ति पर लगाए गए प्रतिबंध को तत्काल हटाने की मांग भी रखी।

धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कोटवार उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

-->