ब्रेकिंग जशपुर – बगीचा में बदमाशों का आतंक: स्कूली बच्चों को बनाया निशाना, बैग छीनकर नकदी लेकर फरार, छेड़छाड़ के आरोप में लोगों ने पकड़ा

बगीचा (जशपुर)। जशपुर जिले के बगीचा क्षेत्र में बदमाशों का आतंक लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। ताजा मामला बस स्टैंड प्रतीक्षालय का है, जहां दो बदमाशों ने एक स्कूली छात्र का बैग छीन लिया। बताया जा रहा है कि बैग में रखी नकदी लेकर दोनों आरोपी फरार हो गए।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। इसी बीच दोनों युवकों पर छेड़छाड़ का भी आरोप लगा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

गौरतलब है कि यह घटना बगीचा थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित बस स्टैंड प्रतीक्षालय में हुई, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बदमाशों की बढ़ती गतिविधियों के कारण कॉलेज और स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं में भय का माहौल है।

फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों के खिलाफ दर्ज प्रकरण की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

-->