जशपुर। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल देशदेखा में रविवार देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। स्कॉर्पियो वाहन से घूमने पहुंचे चार युवकों में से तीन युवक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी युवक कुनकुरी थाना क्षेत्र के निवासी हैं। मृतक की पहचान गौरव इक्का (निवासी रायकेरा) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में दानिश खान (निवासी केराडीह) और असीम (निवासी कुनकुरी) शामिल हैं। एक अन्य युवक आशीष प्रजापति (निवासी महुआटोली) हादसे में सुरक्षित बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि चारों युवक रविवार शाम मौसम का आनंद लेने और घूमने के लिए स्कॉर्पियो वाहन से देशदेखा पहुंचे थे। जैसे ही वे वाहन से नीचे उतरे, तभी अचानक मौसम बिगड़ गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में तीन युवक आ गए। इस दर्दनाक हादसे में गौरव इक्का की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दानिश खान और असीम गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने भी बरसात के मौसम में खुले स्थानों और ऊंचाई वाले पर्यटन स्थलों पर मौसम खराब होने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
