जशपुर। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में घर पहुंचे 22 वर्षीय बेटे ने खाना मांगने की बात पर हुए विवाद में अपनी मां की अधजले लकड़ी के डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर की रात आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल शराब पीकर घर पहुंचा था। खाना मांगने पर मां द्वारा खुद खाना निकालकर खाने की बात कहने से वह नाराज हो गया और गुस्से में डंडे से मां के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार कर दिए। बीच-बचाव करने आई बहन के साथ भी मारपीट की।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतिका के पति की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल अधजला लकड़ी का डंडा भी जब्त किया गया।
आरोपी रोशन मिंज (22 वर्ष) शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बी.कॉम प्रथम वर्ष का छात्र है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गंभीर अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
