जशपुर जिले का बगीचा थाना क्षेत्र में हुए हिट एंड रन में मृत ग्रामीणों के परिजनों को 50 -50 लाख मुआवजा देने की मांग को लेकर जुरूडाँड़ गांव में चक्का जाम करने वाले एक दर्जन कांग्रेस नेताओं पर बगीचा थाना में एफआईआर दर्ज किया गया है. जिसमें नगरपंचायत के अध्यक्ष विनयशील,जिला पंचायत सदस्य मोनिका टोप्पो,आशिका कुजूर और जशपुर जिला कांग्रेस प्रभारी भानुप्रताप सिंह सहित 1 दर्जन कांग्रेसियों के विरुद्ध पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है। इनके विरुद्ध बीएनएस की धारा 189(2) 190,191(2) और 162 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
दरअसल मंगलवार को गणेश विसर्जन के दौरान विसर्जन जुलूस में तेज रफ्तार बोलेरो चालक ने श्रद्धालुओं पर गाड़ी चढ़ा दिया। जिसके चपेट में आकर 4 ग्रामीणों की मौत और लगभग 30 लोग घायल हो गया था। इस घटना के बाद कांग्रेस पार्टी ने मृतकों को 50 लाख और घायलों को 10 लाख मुआवजा देने की मांग को लेकर बगीचा-चराईडांड स्टेट हाइवे पर जुरूडाँड़ गाँव में चक्का जाम कर दिया। चक्का जाम हटाने के लिए देर शाम पुलिस ने सभी काँग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया था।अब सभी प्रदर्शनकारी नेताओ पर अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है।
