ब्रेकिंग जशपुर – फरसाबहार शिक्षा विभाग में बड़ी कार्रवाई: BEO जिला पंचायत कार्यालय अटैच, ABO डीईओ कार्यालय अटैच,BRC के निलंबन के निर्देश

जशपुर। जिले के फरसाबहार विकासखंड के शिक्षा विभाग में शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शिक्षकों को कथित रूप से डराने-धमकाने और अवैध वसूली के गंभीर आरोपों के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO), विकासखंड स्रोत समन्वयक (BRC) और सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (ABEO) के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

बताया जा रहा है कि फरसाबहार शिक्षा विभाग के अधिकारियों के खिलाफ शिक्षक फेडरेशन की ओर से गंभीर शिकायतें की गई थीं। शिकायत में शिक्षकों पर दबाव बनाकर कथित तौर पर अवैध वसूली किए जाने के आरोप लगाए गए थे। इसके अलावा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से भी इन अधिकारियों के खिलाफ उच्च स्तर पर शिकायत की गई थी।

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर रोहित व्यास ने जिला पंचायत सीईओ अभिषेक सिंह की अगुवाई में जांच टीम गठित की थी। जांच टीम ने मामले की जांच के बाद अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की।

जांच रिपोर्ट के बाद शासन स्तर से कार्रवाई करते हुए फरसाबहार के BEO दुर्गेश देवांगन को जिला पंचायत कार्यालय में अटैच कर दिया गया है। वहीं BRC देवेन्द्र सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा ABEO रविन्द्र नाथ साय को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अटैच किया गया है।

शिक्षा विभाग के तीन अधिकारियों के खिलाफ हुई इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप की स्थिति है। अब कार्रवाई के बाद आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया और जांच के परिणाम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

-->