ब्रेकिंग जशपुर – बगीचा में 13 करोड़ की लागत से बनने वाले गौरव पथ का निर्माण शुरू

बगीचा। जशपुर जिले के बगीचा नगर पंचायत में बहुप्रतीक्षित गौरव पथ निर्माण कार्य अब धरातल पर शुरू हो गया है। करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस गौरव पथ के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज सड़क के दोनों ओर मार्किंग का कार्य प्रारंभ किया गया।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बगीचा समीर बड़ा, नगर पंचायत सीएमओ क्षितिज कुमार सिंह एवं एसडीओपी बगीचा दिलीप कोसले के नेतृत्व में प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर मार्किंग कार्य की शुरुआत कराई। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों ने भी प्रशासन का सहयोग किया।

मार्किंग के दौरान नगरवासियों ने प्रशासन के साथ सकारात्मक सहयोग करते हुए प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे कार्य के दौरान किसी प्रकार के विवाद की स्थिति निर्मित नहीं हुई और सड़क के दोनों ओर निर्धारित क्षेत्र की मार्किंग का कार्य सुचारू रूप से संपन्न हुआ।

गौरव पथ के निर्माण से बगीचा नगर की सड़क व्यवस्था, यातायात सुविधा और शहरी सौंदर्यीकरण को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। नगरवासियों में भी इस महत्वपूर्ण विकास कार्य को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।

प्रशासन और स्थानीय लोगों के आपसी समन्वय से शुरू हुआ यह कार्य बगीचा के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

-->