ब्रेकिंग जशपुर – जशपुर में बी.एड. और एल.एल.बी. कॉलेज खोलने की मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

जशपुर 7 अगस्त।
जिला युवा कांग्रेस कमेटी जशपुर के जिला अध्यक्ष संजय पाठक के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम एक ज्ञापन सौंपकर जशपुर जिले में बी.एड. एवं एल.एल.बी. कॉलेज की स्थापना की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि जशपुर जिले में वर्तमान में बी.एड. और एल.एल.बी. का एक भी कॉलेज संचालित नहीं है। इसके कारण जिले के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए 150 से 200 किलोमीटर दूर अन्य जिलों में जाना पड़ता है। इससे छात्रों को आर्थिक, सामाजिक एवं आवागमन संबंधी कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

युवा कांग्रेस ने कहा कि शिक्षकों की भर्ती के लिए बी.एड. की डिग्री आवश्यक होती है, लेकिन जिले में कॉलेज नहीं होने से अनेक छात्र-छात्राएं इस शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। इसी प्रकार एल.एल.बी. की पढ़ाई के लिए भी बाहर जाना उनकी मजबूरी बन गई है।

ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया कि विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए जशपुर जिले में शीघ्र बी.एड. एवं एल.एल.बी. कॉलेज की स्थापना कराई जाए, ताकि स्थानीय छात्रों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा अपने जिले में ही उपलब्ध हो सके।

-->