बगीचा। जशपुर जिले के बगीचा बस स्टैंड में ऑटो चालकों की मनमानी से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने का मामला सामने आया है। बस स्टैंड परिसर में ऑटो को अव्यवस्थित तरीके से खड़ा किए जाने से यात्रियों, आम नागरिकों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गुरुवार और रविवार को साप्ताहिक बाजार लगता है इस दिन ऑटो चालक निर्धारित व्यवस्था का पालन करने के बजाय जहां-तहां वाहन खड़े कर रहे हैं। इससे बस स्टैंड में अक्सर जाम जैसी स्थिति बन जाती है और पैदल यात्रियों को भी आवागमन में दिक्कत होती है। व्यस्त समय में स्थिति और गंभीर हो जाती है।

सबसे बड़ा सवाल पुलिस और यातायात व्यवस्था की निगरानी को लेकर उठ रहा है। लोगों का कहना है कि यदि बस स्टैंड में यातायात नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है तो जिम्मेदार विभाग द्वारा नियमित कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है? स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से बस स्टैंड में अव्यवस्थित तरीके से खड़े ऑटो पर कार्रवाई करने और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित कराने की मांग की है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि बगीचा पुलिस और यातायात विभाग इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है और बस स्टैंड की व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
