जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में एक बड़ा व दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सगाई कार्यक्रम में शामिल होने जा रही बारातियों से भरी एक पिकअप वाहन घोरडेगा के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, बाराती मलसेमा गांव से बलरामपुर के दुर्गापुर जा रहे थे। इसी दौरान बगीचा थाना क्षेत्र के घोरडेगा के पास पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कुल 21 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 3 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है। वही घायल 18 लोग जो खतरे से बाहर है उनका बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा में उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बगीचा एसडीएम प्रदीप राठिया और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिदाम अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। वहीं प्रशासन और पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है।

