
फरसाबहार। जशपुर जिले के फरसाबहार तहसील अंतर्गत ग्राम तामामुंडा में धान-चावल के बड़े पैमाने पर भंडारण और सरकारी दवाइयां मिलने का मामला सामने आया है। प्रशासनिक निरीक्षण दल ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 105 बोरी धान-चावल जब्त किए हैं। इनका अनुमानित वजन 42.50 क्विंटल बताया गया है। इसके अलावा दो कार्टून सरकारी दवाइयां भी बरामद की गई हैं।
मामले में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), फरसाबहार कार्यालय की ओर से 30 अक्टूबर 2026 को दो व्यक्तियों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। नोटिस में प्रेमसागर यादव पिता इंद्रो यादव और गौरीशंकर यादव पिता प्रेमसागर यादव से धान-चावल एवं सरकारी दवाइयों के स्रोत, भंडारण के वैधानिक आधार और आवश्यक दस्तावेजों को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
दुकान में मिली 20 बोरी धान-चावल
जारी नोटिस के अनुसार, निरीक्षण दल ने प्रेमसागर यादव की दुकान का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान वहां 20 बोरी धान-चावल मिला, जिसका अनुमानित वजन 8.50 क्विंटल बताया गया है। निरीक्षण के दौरान इसका जब्ती पंचनामा तैयार कर धान-चावल प्रेमसागर यादव को सुपुर्द किए जाने का उल्लेख नोटिस में किया गया है।
घर से 85 बोरी धान और दो कार्टून सरकारी दवाइयां बरामद
वहीं, दूसरे निरीक्षण में गौरीशंकर यादव पिता प्रेमसागर यादव के घर से 85 बोरी धान मिला, जिसका अनुमानित वजन 34 क्विंटल बताया गया है। इसके साथ ही दो कार्टून सरकारी दवाइयां भी प्राप्त हुईं। नोटिस के मुताबिक, दवाइयों को जब्त कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुपुर्द किया गया है।
प्रशासन ने पूछे धान-चावल के स्रोत और भंडारण संबंधी दस्तावेज
प्रशासन ने दोनों संबंधित व्यक्तियों से पूछा है कि उनके परिसर में इतनी मात्रा में धान-चावल किस स्रोत से प्राप्त हुआ है। क्या यह स्वयं की कृषि उपज है या अन्य किसानों, व्यापारियों अथवा व्यक्तियों से खरीदा गया है? यदि स्वयं की उपज है तो कृषि भूमि का खसरा नंबर, रकबा और उत्पादित धान की मात्रा का विवरण मांगा गया है।
वहीं, यदि धान-चावल किसी अन्य किसान या व्यापारी से खरीदा गया है तो विक्रेता का नाम-पता, खरीदी की तारीख, कीमत, बिल, रसीद और अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा प्रशासन ने यह भी पूछा है कि धान-चावल के क्रय-विक्रय अथवा भंडारण के लिए सक्षम प्राधिकारी से लाइसेंस या अनुमति प्राप्त है या नहीं। यदि अनुमति ली गई है तो उसकी प्रमाणित प्रति, वैधता अवधि और स्वीकृत भंडारण क्षमता का विवरण भी मांगा गया है।
तीन दिन में देना होगा जवाब, दस्तावेज नहीं मिलने पर होगी कार्रवाई
कार्यालय द्वारा जारी सूचना पत्र में संबंधित व्यक्तियों को नोटिस प्राप्त होने के तीन दिवस के भीतर सभी बिंदुओं पर लिखित स्पष्टीकरण और संबंधित वैध दस्तावेजों के साथ स्वयं कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
नोटिस में चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब और दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर निरीक्षण पंचनामा एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर संबंधित प्रचलित अधिनियमों और नियमों के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन द्वारा संबंधित व्यक्तियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। मामले में उनका पक्ष और आगे की कार्रवाई सामने आना बाकी है।
