जशपुर जिले के पाकरगांव बैगापारा में आपसी जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चकरो यादव पिता भगवानों यादव (52 वर्ष) निवासी पाकरगांव बैगापारा और पुस्तम उर्फ नान्ही नागवंशी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात करीब साढ़े 9 बजे दर्जनभर नागवंशी युवक लामबंद होकर यादव परिवार के घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। जैसे ही हमलावरों ने घर के बाहर पहुंचकर टांगी से हमला शुरू किया, दरवाजा तोड़कर अंदर सो रहे चकरो यादव ने बचाव की कोशिश की, लेकिन उसे भी टांगी से मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। इसी दौरान अफरातफरी और अंधेरे के बीच एक नागवंशी युवक — पुस्तम उर्फ नान्ही नागवंशी हमले का शिकार हो गया और मौके पर ही उसकी भी मौत हो गई। गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी अनुसार कुछ दिनों पहले ग्राम सभा में आबादी भूमि को लेकर विवाद खड़ा हुआ था। एक ही परिवार के चार सदस्यों के नाम पर शासकीय भूमि का पट्टा जारी होने पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई थी। इस पर ग्राम सभा में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और मारपीट की नौबत आ गई थी, जिसे गांव के बुजुर्गों ने किसी तरह शांत कराया था। लोगों का आरोप है कि लगभग 7 एकड़ शासकीय आबादी भूमि, जिस पर वर्षों से आदिवासी भूमिहीन परिवार निवास कर रहे हैं, उसे पूर्व उप सरपंच गोवर्धन यादव ने प्रशासनिक साठगांठ से अपने परिवार के नाम करा लिया। इसी विवाद ने धीरे-धीरे खूनी रूप ले लिया और बीती रात दो जानें चली गईं। पुलिस प्रशासन ने गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। मामले की जांच जारी है।
