महंगाई भत्ता घोषित करने की मांग को लेकर 10 जून को होगा धरना-प्रदर्शन, जिला मुख्यालय में मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन

छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर पूर्व निर्धारित 3 जून 2026 के स्थान पर अब 10 जून 2026, बुधवार को भोजन अवकाश के दौरान धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। संघ ने राज्य शासन के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता (डीए) की घोषणा नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई है।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी, न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा आईएएस, आईपीएस एवं आईएफएस अधिकारियों को 1 जनवरी 2026 से 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता स्वीकृत कर दिया गया है। इसके बावजूद राज्य शासन के अधीन कार्यरत लगभग साढ़े चार लाख अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अब तक महंगाई भत्ते की घोषणा नहीं की गई है, जिससे कर्मचारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

इसी मांग को लेकर कर्मचारी संघ द्वारा 10 जून को धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन एवं मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन के नाम ज्ञापन कलेक्टर के माध्यम से सौंपा जाएगा।

संघ के जिलाध्यक्ष सुभाषचंद शर्मा के नेतृत्व में जिला सचिव डमरूधर साय पैंकरा तथा अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में यह ज्ञापन सौंपा जाएगा। संघ ने प्रदेश के समस्त कर्मचारियों से आंदोलन में शामिल होकर अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित करने की अपील की है।

-->