छत्तीसगढ़ का जशपुर जिले में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत पत्थलगांव शहर में एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में प्रशासन, पुलिस विभाग, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। सैकड़ों महिला-पुरुष हेलमेट पहनकर शहर के प्रमुख मार्गों पर निकले और लोगों को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। रैली में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उम्मेद सिंह समेत अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। यह रैली शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए मैरिज गार्डन पहुंचकर समाप्त हुई।
मैरिज गार्डन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष संगीता सुदर्शन सिंह ने सभी नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने और हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि “सर सलामत रहे तो जीवन है, इसलिए हेलमेट केवल औपचारिकता नहीं बल्कि सही तरीके से पहनना जरूरी है। नशे की हालत में वाहन चलाना दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन रहा है।”
उन्होंने बताया कि जशपुर जिले में वर्ष 2025 में 79 तथा वर्ष 2026 में अब तक 82 लोग सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं, जिनमें इस वर्ष के शुरुआती साढ़े तीन महीनों में ही 29 लोगों की मौत हो चुकी है।
उन्होंने राजवीर योजना की जानकारी देते हुए नागरिकों से सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
नगरवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सड़क सुरक्षा के प्रति एक प्रभावी और प्रेरणादायक कदम बताया।
