जशपुर जिले का बगीचा थाना क्षेत्र में अज्ञात व्यक्ति की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में कृष्णा उर्फ कैलाश यादव, निवासी झगरपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला ग्राम जुरगुम-तुर्रापानी जंगल क्षेत्र का है, जहां 23 सितंबर को रपटा पुलिया के पास टेकरी के पीछे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। पोस्टमार्टम में मौत हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच में मृतक की पहचान राजेश दास, निवासी विमड़ा के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल के बकाया एक हजार रुपये को लेकर राजेश और आरोपी के बीच विवाद हुआ था।
आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने लकड़ी के फाड़े से राजेश के सिर पर दो बार वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को टेकरी के पीछे फेंक दिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए मोबाइल और हथियार नदी में फेंक दिए, जबकि घटना के समय पहने कपड़े भी नदी में फेंकने की बात सामने आई है। आरोपी की लाल रंग की स्विफ्ट कार पुलिस ने उसके घर से बरामद की है। आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103(1) और 238 के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
