ब्रेकिंग जशपुर: स्कूल का शटर तोड़कर कंप्यूटर, स्पीकर समेत कई सामान ले उड़े चोर, एक माह के भीतर क्षेत्र में दूसरी बड़ी चोरी की घटना

जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। अज्ञात चोरों ने माध्यमिक शाला भठ्ठीकोना को निशाना बनाते हुए स्कूल का शटर तोड़कर कंप्यूटर, स्पीकर समेत कई सामान चोरी कर लिए। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने स्कूल के शटर को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे कंप्यूटर, स्पीकर सहित अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह स्कूल पहुंचने पर चोरी की वारदात का पता चला, जिसके बाद इसकी सूचना संबंधित पुलिस थाने में दी गई।

पहले भी हो चुकी है चोरी

बताया जा रहा है कि कुछ माह पूर्व भी इसी स्कूल से मध्यान्ह भोजन के लिए रखा चावल चोरी होने की घटना सामने आई थी। अब एक बार फिर स्कूल को चोरों ने निशाना बनाया है, जिससे स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।

एक माह के भीतर दूसरी बड़ी चोरी

बगीचा थाना क्षेत्र में पिछले एक माह के भीतर चोरी की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। कुछ दिन पूर्व क्षेत्र में एक मोबाइल दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया था, जहां से लाखों रुपये के मोबाइल और अन्य सामान चोरी होने की बात सामने आई थी।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है।

-->