छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर जशपुर जिले के सभी ब्लॉकों में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जशपुर, कुनकुरी और मनोरा सहित विभिन्न ब्लॉक मुख्यालयों में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के पुतले दहन कर जमकर नारेबाजी की गई।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग, विपक्ष की आवाज़ दबाने और कांग्रेस नेताओं पर दमनात्मक कार्रवाई करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन में पूर्व विधायक विनय भगत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष यू. डी. मिंज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष यू. डी. मिंज ने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी राजनीतिक प्रतिशोध का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अन्याय और लोकतंत्र विरोधी नीतियों के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन में कार्यक्रम में हीरू राम निकुंज, मनमोहन भगत, हैप्पी कमल कुजूर, मोनू अग्रवाल, महेश त्रिपाठी, सरवर अली, उर्मिला भगत, प्यारी कुजूर, शबनम खातून, रामा ताम्रकार, अजय टोप्पो जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल और अन्य संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
