छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा अनुविभाग में राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले पहाड़ी कोरवा समुदाय की जमीन की कथित धोखाधड़ी से रजिस्ट्री कराने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर जमीन की रजिस्ट्री पर रोक लगाने की गुहार लगाई है।
मामला बगीचा अनुविभाग के सुलेसा गांव का है, जहां निवासी सुखराम पिता जकना राम, जाति पहाड़ी कोरवा ने एसडीएम कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। सुखराम ने बताया कि उसके पिता जकना राम के नाम पर खसरा नंबर 185 में लगभग 12 एकड़ जमीन दर्ज है। इसी जमीन पर प्रधानमंत्री आवास भी बना हुआ है। पीड़ित के अनुसार, जकना राम के तीन पुत्र हैं, लेकिन अब तक किसी भी बेटे का नाम जमीन के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किया गया है। सुखराम का आरोप है कि गांव के ही सत्यपाल ने उनके अशिक्षित पिता का फायदा उठाते हुए परिवार की जानकारी के बिना उन्हें अपने साथ ले जाकर जमीन की रजिस्ट्री कराने की कोशिश की।
सुखराम ने आरोप लगाया कि कुछ जमीन दलालों के साथ मिलकर आज बगीचा तहसील न्यायालय में जमीन की रजिस्ट्री कराने की तैयारी की जा रही थी। मामले की जानकारी मिलते ही वह तत्काल एसडीएम कार्यालय पहुंचा और लिखित आवेदन देकर रजिस्ट्री पर रोक लगाने की मांग की। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
