सृजन कार्यालय में एचडीएफसी परिवर्तन के सहयोग से दिनांक 12 एवं 18 मई 2026 को जुरगुम, गुरम्हाकोना, तंबाकछार एवं बागडोल ग्राम के कुल 60 वी.डी.सी. सदस्यों हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य समिति सदस्यों को उनकी भूमिका एवं जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना तथा समिति में सहभागिता, समन्वय एवं पारदर्शिता को मजबूत बनाना था। इसके साथ ही बैठक संचालन, हितग्राही चयन प्रक्रिया एवं रजिस्टर रखरखाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना एवं परिचयात्मक सत्र के साथ हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने-अपने गाँव की सकारात्मक पहलुओं एवं प्रमुख समस्याओं को साझा किया। चर्चा के दौरान पेयजल समस्या, बैठकों में कम सहभागिता तथा बेहतर समन्वय की आवश्यकता जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए।
प्रशिक्षण के तकनीकी सत्रों में प्रतिभागियों को वी.डी.सी. के उद्देश्य, नियमित बैठकों के महत्व, पारदर्शिता बनाए रखने तथा समिति संचालन से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी एवं सहभागितापूर्ण बनाने के लिए समूह गतिविधियाँ एवं विभिन्न खेलों का आयोजन भी किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क तथा जिम्मेदार निर्णय लेने के महत्व को सरल तरीके से समझाया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित रूप से वी.डी.सी. बैठक आयोजित करने, ग्राम विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा सामूहिक सहयोग एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने की शपथ ली।
