
जशपुर जिले में देर रात एक दर्दनाक हिट एंड रन की घटना सामने आई है। तेज रफ्तार और बेकाबू मिनी ट्रक ने सड़क किनारे मौजूद कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मिनी ट्रक जशपुर से सब्जियां लोड कर पश्चिम बंगाल की ओर जा रही थी। इसी दौरान लोदाम थाना क्षेत्र के NH-43 मुख्य मार्ग पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कई लोगों व वाहनों को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर चक्का जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण नहीं होने से लगातार हादसे हो रहे हैं।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि खलासी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
