ब्रेकिंग जशपुर – कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने प्रेसवार्ता कर धान खरीदी में गड़बड़ी का लगाया गम्भीर आरोप…

जशपुर – जिले के पत्थलगांव ब्लाक के सुरंगपानी धान खरीदी केंद्र में धान खरीदी गड़बड़ी के मामले को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। कांग्रेस ने भाजपा के पदाधिकारियों की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए,जांच और दोषियों के विरूद्व एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है। मांग पूरी ना होने पर सड़क पर उतर कर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। सोमवार को जिला कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते करते हुए नगर पंचायत कुनकुरी के अध्यक्ष विनयशील गुप्ता ने कहा कि सुरंगपानी उपार्जन केंद्र में 14 किसानों के पंजिकृत रकबे के रिकार्ड से छेड़छाड़ करके बोगस धान खरीदी की गई है। उन्होनें पत्रकार वार्ता में दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए बताया कि कर्राबेवरा के किसान मनधरो यादव पिता परमा यादव के खाते में चिंताराम,मोहरमति,राधिका का नाम जोड़ दिया गया। जबकि मनधरो और चिंताराम का आपस में कोई संबंध नहीं है। उन्होनें आरोप लगाया कि इस तरह के 14 मामले सुरंगपानी में उजागर हो चुके हैं। लेकिन जिला प्रशासन ने अब तक मौन साधा हुआ है। वहीं कांग्रेस की प्रदेश सचिव रत्नापैंकरा ने कहा कि धान खरीदी की प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस लगातार इस तरह की गड़बड़ियों की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए ज्ञापन सौंपती रही,लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे रोकने की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। नतीजा,ना केवल बोगस धान खरीदी हुई अपितु अधिकारियों ने भुगतान करते,सरकारी धन का दुरूपयोग किया है। विनयशील और रत्ना पैंकरा ने धान खरीदी में हुए इस गड़बड़ी की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों के विरूद्व तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज कराने की मांग की है।
कोचियों का धान खपाने का संदेह –
कांग्रेस का आरोप है कि पंजिकृत रकबे में गड़बड़ी कर व्यापक पैमाने में कोचियों का धान मंडी में खपाया गया है। विनयशील ने पत्रकार वार्ता में बताया कि कर्राबेवरा में जिस किसान की पंजिकृत रकबा में गड़बड़ी कर 107 क्विंटल धान खरीदा गया है,भोैतिक सत्यापन के दौरान किसान के पास धान ही नही पाया गया था। इसके बावजूद ना केवल किसान के खाते में धान खरीदी की गई,अपितु इसका भुगतान भी कर दिया गया। कांग्रेस ने इस तरह की गड़बड़ी जिले के अन्य उपार्जन केंद्रा में भी होने की आशंका जताते हुए,पूरी धान खरीदी प्रक्रिया की जांच की मांग की है।
विधानसभा सत्र में उठेगा मामला –
विनयशील गुप्ता ने बताया कि कांग्रेस ने बजट सत्र के दौरान धान घोटाला मामले को उठाने की तैयारी की है। उन्होनें बताया कि कांग्रेस के विधायक ध्यानाकर्षण के माध्यम से इस मामले को सदन के समक्ष उठाएंगे। इसके बाद भी अगर सरकार ने जांच और कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस सड़क में उतर कर आंदोलन करेगी।
भाजपा नेताओं की संलिप्तता का आरोप –
कांग्रेस नेता विनयशील ने धान घोटाला के इस मामले में भाजपा नेताओं की संलिप्तता का सीधा आरोप लगाया है। उन्होनें बताया कि सुरंगपानी उपार्जन केंद्र में भाजपा के पदाधिकारी को पहले कम्प्यूर आपरेटर और बाद में फड़ प्रभारी बनाया गया है और यहीं से इस गड़बड़ी का ताना-बाना बुना गया है।

एसके गुप्ता डीएमओ जशपुर ने बताया कि रकबा बढ़ा कर धान खरीदी करने का मामला संज्ञान में आया है। राजस्व विभाग के सहयोग से मामले की जांच की जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके विरूद्व सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’

इधर भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट में जो भी दोषी होगा उसके विरूद्व कार्रवाई की जाएगी। मामले में कांग्रेस द्वारा भाजपा नेताओं की संलिप्तता का आरोप पूरी तरह से निराधार है। कांग्रेस का काम सिर्फ आरोप लगाना है।’’

-->