
सरगुजा संभाग अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्र होने के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं की अपार संभावनाओं के लिए भी जाना जाता है। यहां के युवाओं में खेलों के प्रति स्वभाविक रुचि, शारीरिक क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक जज्बा विद्यमान है। इसी क्षमता को पहचानकर उन्हें खेल की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप छत्तीसगढ़ शासन द्वारा सरगुजा ओलंपिक 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन आदिवासी अंचल के युवाओं के लिए खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का एक सशक्त और सुनहरा अवसर प्रदान करेगा। सरगुजा ओलंपिक के लिए 28 दिसंबर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक पंजीयन किया गया है, जिसमें 06 जिलों से लगभग 03 लाख 50 हजार लोगों ने पंजीयन कराया है। इसमें 1 लाख 59 हजार पुरुष और 01 लाख 89 हजार महिलाओं ने आयोजन में अपना पंजीयन कराया है। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिदाम, महामंत्री पवन सिंह,पार्षद एवं महामंत्री भाजपा राजकिशोर जायसवाल,पार्षद एलआर चौहान,जीतू गुप्ता, जगदीश गुप्ता सहित पार्षद गण,सरपंच गण, आम नागरिक, खेल प्रेमी और शिक्षक गण की गरिमामय उपस्थित में सरगुजा ओलंपिक का हुआ शुभारंभ।
सरगुजा ओलंपिक 28 जनवरी से 3 फरवरी तक विकासखंड स्तरीय आयोजन किया जा रहा है। इनमें जूनियर वर्ग (14 से 17 वर्ष, बालक/बालिका) तथा सीनियर वर्ग (18 वर्ष से अधिक, महिला/पुरुष) के प्रतिभागी भाग ले रहे है। सरगुजा ओलंपिक की ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया के माध्यम से जिले में 56 हजार से अधिक प्रतिभागी पंजीकृत होकर इस खेल महाकुंभ में शामिल हो रहे हैं।
विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन पटेल ने बताया कि सरगुजा ओलंपिक 2025-26 में कुल 12 खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही है। व्यक्तिगत खेलों में एथलेटिक्स (100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवेलिन थ्रो, 400 मीटर रिले), तीरंदाजी (इंडियन राउंड), बैडमिंटन, कुश्ती एवं कराते शामिल हैं। वहीं दलीय खेलों में फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी और बास्केटबॉल के मुकाबले होंगे। इन प्रतियोगिताओं में सरगुजा संभाग के सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया ,मनेंद्रगढ़–चिरमिरी– भरतपुर एवं जशपुर जिलों के खेल में रुचि रखने वाले प्रतिभागी भाग ले रहे है।

