बगीचा के मेंडरपाठ-पंडरापाठ में श्रीराम चरित्र मानस नवाह्न महायज्ञ का भव्य आयोजन,

जशपुर – धार्मिक आस्था और सनातन परंपरा के अनुरूप जिले के –बगीचा क्षेत्र स्थित श्री नर्मदेश्वरनाथ धाम में आयोजित संगीतमय श्रीराम चरित मानस नवाह्न पारायण यज्ञ महायज्ञ में श्रद्धा, सेवा और समर्पण का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। महायज्ञ के दौरान बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं की उपस्थिति से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया है।

इस पावन आयोजन का शुभारंभ विधिवत पूजन, कलश स्थापना एवं शोभायात्रा के साथ किया गया। प्रतिदिन श्रीराम चरित मानस का सस्वर पाठ, कथा, हवन, पूजन, आरती एवं भजन–कीर्तन के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक लाभ प्राप्त हो रहा है। संतों के सान्निध्य में आयोजित यह यज्ञ क्षेत्र में धार्मिक चेतना के साथ सामाजिक समरसता का भी संदेश दे रहा है।

इस महायज्ञ में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। पूर्व जनपद सदस्य बिपिन सिंह एवं वर्तमान जनपद सदस्य मेनका सिंह ने इस पावन अवसर पर विशेष सहभागिता निभाते हुए विधिवत कलश उठाकर धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया और पुण्य के भागीदार बने। उनकी सहभागिता ने यह संदेश दिया कि जनसेवा के साथ-साथ धर्म और संस्कृति के संरक्षण में भी जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

कार्यक्रम के अंतर्गत आज आयोजित भंडारा प्रसाद की संपूर्ण व्यवस्था भी पूर्व जनपद सदस्य बिपिन सिंह एवं वर्तमान जनपद सदस्य मेनका सिंह के सहयोग से संपन्न कराई गई। श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित और सुचारु प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में उपस्थित भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर संतोष और आशीर्वाद प्राप्त किया।

धार्मिक अनुष्ठान, श्रीराम चरित मानस पाठ, कथा व भजन-कीर्तन के साथ आयोजित यह महायज्ञ न केवल आस्था का केंद्र बना हुआ है, बल्कि समाज में सेवा, संस्कार और समरसता की भावना को भी सशक्त कर रहा है। आयोजन समिति और संत समाज ने जनप्रतिनिधियों के इस सहयोग और सेवा भावना की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

-->