कटनी गुमला नेशनल हाईवे 43 पर आज बेलाघाट के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। घटना सुबह लगभग 11:00 बजे की बताई जा रही है जहां एक तेज रफ्तार ट्रक और वैगनआर कार के बीच भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक घायल होकर उसमें बुरी तरह फंस गया।
जानकारी के अनुसार, वैगनआर कार (क्रमांक CG 14 MU 0838) सवार युवक कांसाबेल की ओर आ रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा जशपुर की ओर जा रहे ट्रक (क्रमांक WB 11 F 6918) ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हादसे में घायल युवक की पहचान पवन गुप्ता (27 वर्ष), पिता बजरंग गुप्ता, निवासी चेटबा के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कांसाबेल पहुंचाया।
पवन गुप्ता को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति गम्भीर देखते हुए डॉक्टरों ने परिजनों को वस्तुस्थिति से अवगत कराया और बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही कांसाबेल पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
