जशपुर – विगत दिवस होली क्रॉस नर्सिंग कॉलेज कुनकुरी से जुड़े हालिया विवाद को लेकर ईसाई आदिवासी महासभा, छत्तीसगढ़ ने कुनकुरी में एक शांतिपूर्ण रैली निकाली। बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोग रैली में शामिल हुए और “जय येसु”, “धर्म नहीं इंसानियत ज़रूरी” और “ईसाई समाज को बदनाम करना बंद करो” जैसे नारों के साथ निकले और विशाल आमसभा का आयोजन किया गया जिसके बाद अनुविभागीय दंडाधिक्कारी ज्ञापन सौंपा गया था जिसमें निष्पक्ष जांच की मांग की गई है
संस्थान का 65 वर्षों का इतिहास अनुशासन, सेवा और समर्पण का प्रतीक रहा है। इन सभी वर्षों में यह पहला मौका है जब किसी ने संस्था पर धर्मांतरण का आरोप लगाया है। ईसाई समुदाय और संस्थान से जुड़े लोगों ने इसे पूर्णतः बेबुनियाद बताया है और इसे एक सोची-समझी साज़िश करार दिया है।
इस पूरे प्रकरण में होली क्रॉस नर्सिंग कॉलेज तथा वहाँ की प्राचार्य सिस्टर विंसी जोसेफ को सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर भी समर्थन प्राप्त हो रहा है।
पूर्व विधायक कुनकुरी यू. डी. मिंज ने कहा कि वह वर्षों से होली क्रॉस संस्थान के कार्यों से परिचित हैं और यह संस्था शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान दे रही है। उनके अनुसार इस पर लगाया गया आरोप निराधार प्रतीत होता है और समाज को विभाजित करने वाली ताकतें इसके पीछे हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज सागर यादव ने बयान दिया कि ऐसे संस्थान सेवा भावना से कार्य करते हैं, किसी प्रकार की धार्मिक जबरदस्ती इनमें नहीं होती। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, लेकिन मीडिया ट्रायल के माध्यम से किसी संस्था को बदनाम करना अन्यायपूर्ण है।
कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने कहा कि प्राचार्य विंसी जोसेफ नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में अनुशासन और सेवा की मिसाल रही हैं। उनके ऊपर लगाए गए आरोप गलत हैं और वे पूरी तरह से उनके साथ खड़े हैं।
