छत्तीसगढ़ के दुर्ग में कन्या भोज के लिए निकली एक 6 वर्ष की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना से आक्रोशित होकर पत्थलगांव में कांग्रेस ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और पुतला दहन कर विरोध जताया।और गृह मंत्री मुर्दाबाद के नारे लगाए.
प्रदेश कांग्रेस महासचिव व जिला पंचायत सदस्य आरती सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का गृह जिला होने के बावजूद जशपुर में लगातार अपराध हो रहे हैं। जशपुर के तुमला में सरपंच की हत्या और पत्थलगांव में लगातार लाशें मिलने की घटनाएं सरकार की नाकामी को दर्शाती हैं।

कांग्रेस पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में “सुशासन नहीं, कुशासन” फैला हुआ है। उन्होंने कुनकुरी में कथित धर्मांतरण के मामले का हवाला देते हुए प्रशासन को आड़े हाथों लिया और कहा कि जनता असुरक्षा की भावना से जूझ रही है। वहीं, कांग्रेस नेता कुलविंदर सिंह भाटिया ने राज्य सरकार और गृह मंत्री से इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुतला पर आग लगाते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस को चकमा देकर निर्धारित स्थल से पहले ही पुतला दहन कर दिया। इससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी हो गई.

