जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से दीपावली के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बगीचा थाना क्षेत्र के रंगपुर गांव में एक शिक्षक ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने कुल्हाड़ी और डंडे से पत्नी पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय महिला ने दम तोड़ दिया।
शराब के नशे में पत्नी के साथ की मारपीट
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक कोलोराम देर रात शराब के नशे में अपने घर पहुंचा था। इस दौरान चरित्र को लेकर संदेह के चलते उसने पत्नी के साथ विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपनी पत्नी को गांव में घुमाकर बेरहमी से पीटा और कुल्हाड़ी व डंडे से हमला किया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई।
अस्पताल ले जाते समय महिला की मौत
घटना के बाद परिजन घायल महिला को घर लेकर आए और उपचार के लिए अस्पताल ले जाने लगे। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
वारदात के बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी शिक्षक
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी शिक्षक खुद बगीचा थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी कोलोराम बगीचा विकासखंड के बालक आश्रम लरंगा में शिक्षक के पद पर पदस्थ था। वह हॉस्टल अधीक्षक का प्रभार भी संभाल रहा था।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बगीचा थाना प्रभारी विक्रांत सोम पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
