
जशपुर। जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रनपुर गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। रनपुर बाजार डांड़ के आगे तेज रफ्तार समीम बस की चपेट में आने से युवक सुखसागर बसोड़ की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मृतक का सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों के प्रदर्शन के चलते मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, ग्रामीणों को समझाने का प्रयास
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं। मामले में पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल इस घटना से गांव में शोक का माहौल है।
