ब्रेकिंग जशपुर – संदिग्ध परिस्थिति में दंतैल हाथी की मौत, गांव में मची खलबली

जशपुर जिले के दुलदुला वन परिक्षेत्र अंतर्गत हल्दीमुंडा -ढोढीआरा गांव में एक दंतैल हाथी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। हाथी की मौत की खबर मिलते ही इलाके में खलबली मच गई। घटना की सूचना ग्रामीणों के माध्यम से वन विभाग को मिली, जिसके बाद विभागीय अमला मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गया है।

बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने जंगल क्षेत्र में हाथी को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और हाथी की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक जांच शुरू की।

हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। वन विभाग द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

इधर, दंतैल हाथी की संदिग्ध मौत को लेकर वन विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वन क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी को लेकर लगातार चिंता बनी रहती है। ऐसे में हाथी की मौत की घटना ने वन विभाग की निगरानी और वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल वन विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हाथी की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।

-->