जशपुर। जशपुर के पूर्व विधायक विनय कुमार भगत रविवार को पाठ क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने सन्ना तहसील के ग्राम छिछली-र पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों से मुलाकात की। गांव पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
पूर्व विधायक ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर क्षेत्र के स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और उनके निराकरण के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
डेम निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने जताई चिंता
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने पाठ क्षेत्र में चल रहे डेम निर्माण को लेकर पूर्व विधायक के समक्ष अपनी चिंताएं रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि डेम निर्माण के कारण कई किसानों के खेत पहले ही डूब चुके हैं। वहीं आने वाले दिनों में पाठ क्षेत्र के सैकड़ों एकड़ कृषि भूमि के डेम के पानी में डूबने की आशंका है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि बड़ी मात्रा में कृषि भूमि जलमग्न होती है तो इससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने पूर्व विधायक से इस मामले में किसानों की आवाज उठाने और उचित समाधान के लिए पहल करने की मांग की।
महंगाई को लेकर सरकार पर साधा निशाना
पूर्व विधायक विनय भगत ने प्रदेश की वर्तमान सरकार पर बढ़ती महंगाई को लेकर निशाना साधा। उन्होंने डीजल, पेट्रोल और गैस के बढ़ते दामों को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और कहा कि महंगाई का सीधा असर आम लोगों और किसानों पर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने विपक्ष में रहते हुए भी क्षेत्र में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने और हरसंभव मदद का भरोसा देने के लिए पूर्व विधायक विनय भगत का आभार जताया।
इस दौरान मनमोहन भगत, जिला महामंत्री जशपुर, ब्लॉक अध्यक्ष देवकृपा यादव, कांग्रेस कार्यकर्ता जोखन यादव, रवि यादव, विवेक यादव सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
