जशपुर, 4 सितंबर 2026। जशपुर पुलिस ने आर्थिक अपराध और अमानत में खयानत के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड के तत्कालीन कलेक्शन एजेंट को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 42 हितग्राहियों से ऋण की किश्त के रूप में वसूली गई 9 लाख 46 हजार 49 रुपये की राशि कंपनी में जमा नहीं करने और गबन करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों की महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्यों को माइक्रो फाइनेंस के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाता है। ऋण की किश्तों की वसूली के लिए कंपनी द्वारा कलेक्शन एजेंट नियुक्त किए जाते हैं।
इसी क्रम में कंपनी के जशपुर ब्रांच में कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्यरत रवि राम चौहान (40 वर्ष) ने 7 नवंबर 2022 से 5 जुलाई 2023 के बीच विभिन्न महिला स्व-सहायता समूहों के 42 सदस्यों से ऋण की किश्त के रूप में कुल 9,46,049 रुपये वसूल किए।
आरोप है कि वसूली गई उक्त राशि को कंपनी के जशपुर ब्रांच में जमा करने के बजाय आरोपी ने उसका गबन कर लिया। कंपनी स्तर पर हुई जांच में 42 हितग्राहियों से राशि वसूले जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें उसके द्वारा हितग्राहियों से राशि प्राप्त कर कंपनी में जमा नहीं करने की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस को दी गई।
तीन माह का समय लेने के बाद भी जमा नहीं की रकम
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रवि राम चौहान ने 12 जुलाई 2023 को नोटरी शपथ पत्र के माध्यम से उक्त राशि कंपनी में जमा करने के लिए तीन माह का समय लिया था। हालांकि, निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी राशि कंपनी में जमा नहीं की गई।
इसके बाद भारत फाइनेंस इन्क्लूजन लिमिटेड के तत्कालीन जशपुर ब्रांच मैनेजर सौखी लाल बघेल ने 20 अगस्त 2026 को थाना सिटी कोतवाली जशपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 257/2026, धारा 409 भादवि. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जशपुर से आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी
विवेचना के दौरान पुलिस आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। पुलिस ने आरोपी रवि राम चौहान पिता अलप साय, उम्र 40 वर्ष, निवासी पेमला, थाना बागबहार, जिला जशपुर, हाल मुकाम संगम चौक दरबारीटोली, जशपुर को जशपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गबन की गई राशि तथा मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के संबंध में पुलिस द्वारा पूछताछ एवं विवेचना की कार्रवाई जारी है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी एवं मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर मोर ध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज साहू एवं कोतवाली पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
