जशपुर/बगीचा। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बगीचा जनपद पंचायत में लगातार पहल की जा रही है। विकसित भारत गारंटी रोजगार आजीविका मिशन ग्रामीण (VBGRAMG) योजना के तहत जनपद क्षेत्र की पंचायतों में आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ स्वीकृति दी जा रही है।
जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार के निर्देश पर बगीचा जनपद की कुल 93 ग्राम पंचायतों में से 54 पंचायतों में मुक्तिधाम निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है। शेष पंचायतों में भी मुक्तिधाम निर्माण की स्वीकृति प्रक्रिया जारी है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार से जुड़ी आवश्यक सुविधाओं को व्यवस्थित एवं बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इसी क्रम में बालिका शौचालय निर्माण हेतु 61 प्राथमिक स्कूलों का जहां 20 से अधिक दर्ज संख्या वाले स्कूलों का निरीक्षण कर स्वीकृति की कार्यवाही की जा रही है। इसके अलावा 11 मिडिल एवं हाई स्कूलों के बालिका शौचालयों के निर्माण कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। स्कूलों में बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध होने से छात्राओं को विशेष रूप से सुविधा मिलेगी और विद्यालयों में सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल एवं जल उपलब्धता को मजबूत करने के उद्देश्य से डीफंक्ट (बंद) बोरवेल के 15 कार्यों को भी स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों के पूर्ण होने से संबंधित क्षेत्रों में जल सुविधा को बेहतर करने में सहायता मिलेगी।
प्रशासन की ओर से ग्रामीण जरूरतों के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता देते हुए स्वीकृति और क्रियान्वयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। मुक्तिधाम, विद्यालयों में स्वच्छता सुविधा और बोरवेल जैसे कार्यों को स्वीकृति मिलने से बगीचा जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जीवन स्तर में सुधार की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
