बगीचा। बगीचा बस स्टैंड में ऑटो चालकों की मनमानी और अव्यवस्थित पार्किंग से प्रभावित हो रही यातायात व्यवस्था को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पंचायत ने मामले को गंभीरता से लिया है। खबर सामने आने के बाद नगर पंचायत के सीएमओ क्षितिज कुमार सिंह ने ऑटो संचालकों पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बस स्टैंड परिसर में ऑटो को जहां-तहां खड़ा करने और यात्रियों के आवागमन में हो रही परेशानी को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। खासकर गुरुवार और रविवार को साप्ताहिक बाजार के दौरान स्थिति और बिगड़ जाती थी। अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनने के साथ पैदल यात्रियों और अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद नगर पंचायत प्रशासन सक्रिय हुआ है। सीएमओ क्षितिज कुमार सिंह के निर्देश पर ऑटो संचालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है और बस स्टैंड परिसर में ऑटो को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि बस स्टैंड में पार्किंग और यातायात व्यवस्था को स्थायी रूप से व्यवस्थित किया जाएगा। लोगों का कहना है कि कार्रवाई लगातार जारी रहने से यात्रियों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी।
खबर का असर यह है कि अब प्रशासन की सक्रियता से बगीचा बस स्टैंड की यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है।
