
पत्थलगांव। पत्थलगांव क्षेत्र के तिलडेगा गांव में नल-जल योजना की बदहाल व्यवस्था से ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं। घर-घर पानी पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई योजना के बावजूद गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसके चलते ग्रामीणों को पानी के लिए दूसरे जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, नल-जल योजना में आ रही समस्या को लेकर कई बार संबंधित सचिव और ग्राम सेवक को जानकारी देकर शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदारों की ओर से मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि शासन की योजना का उद्देश्य घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, लेकिन व्यवस्था सुचारु नहीं होने के कारण उन्हें इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तिलडेगा गांव की नल-जल योजना की तत्काल जांच कराने, तकनीकी एवं अन्य खामियों को दूर कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग भी की गई है।
