ब्रेकिंग जशपुर – दोड़की नदी के तेज बहाव में बहा पहाड़ी कोरवा, एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में मिला शव

जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में दोड़की नदी पार करते समय तेज बहाव में बहने से 54 वर्षीय पहाड़ी कोरवा की मौत हो गई। करीब एक किलोमीटर दूर नदी के बीच झाड़ियों में फंसा उसका शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार, मृतक अपनी बेटी के ससुराल डुमरकोना जाने के लिए निकला था। इसी दौरान बगीचा थाना क्षेत्र के डुमरटोली के पास दोड़की नदी पार करते समय वह अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और बह गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने नदी में तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद करीब एक किलोमीटर दूर नदी के बीच झाड़ियों में मृतक का शव फंसा हुआ मिला। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।

मृतक की पहचान बूधुराम पहाड़ी कोरवा (54 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

-->