ब्रेकिंग जशपुर – पत्थलगांव में संकुल समन्वयकों का विरोध, जनपद CEO पर अभद्र व्यवहार का आरोप

पत्थलगांव। जशपुर जिले के पत्थलगांव जनपद पंचायत सभा कक्ष में आयोजित संकुल समन्वयकों की बैठक के दौरान विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। संकुल समन्वयकों ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) कमल श्रीवास पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

शिक्षकों के मुताबिक, वे विकासखंड शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर कलेक्टर बैठक में शामिल होने के लिए जनपद पंचायत पहुंचे थे। बैठक के लिए सभा कक्ष की ओर जाते समय जनपद CEO कमल श्रीवास द्वारा कथित तौर पर संकुल समन्वयकों से कहा गया कि “तुम्हारा विकासखंड शिक्षा अधिकारी यहां झाड़ू लगाएंगे क्या, जो यहां बैठे हो?” शिक्षकों का आरोप है कि इस तरह की टिप्पणी से उन्हें अपमानित महसूस हुआ।

कथित टिप्पणी के बाद सभी संकुल समन्वयक अचानक सभा कक्ष से बाहर निकल आए और जनपद पंचायत परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान उन्होंने जनपद CEO के व्यवहार पर नाराजगी जताई।

दरअसल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा पत्थलगांव विकासखंड के समस्त संकुल समन्वयकों की कलेक्टर बैठक के संबंध में आदेश जारी किया गया था। इसी के तहत सभी संकुल समन्वयक बैठक में शामिल होने के लिए जनपद पंचायत पहुंचे थे।

CEO ने आरोपों को बताया निराधार

वहीं, पूरे मामले में जनपद पंचायत CEO कमल श्रीवास ने शिक्षकों के आरोपों को गलत और निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने ऐसी कोई बात नहीं कही, जिससे किसी के मान-सम्मान को ठेस पहुंचे। CEO ने शिक्षकों द्वारा लगाए गए आरोपों से साफ इनकार किया है।

फिलहाल, संकुल समन्वयकों के विरोध और जनपद CEO के बयान के बाद मामला चर्चा में है। अब देखना होगा कि इस विवाद को लेकर प्रशासन की ओर से आगे क्या कार्रवाई या स्पष्टीकरण सामने आता है।

-->