बगीचा (जशपुर)। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सामरबार में एक पहाड़ी कोरवा व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सोमारू राम पहाड़ी कोरवा (लगभग 45 वर्ष) निवासी सामरबार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया है कि सोमारू राम की मौत अत्यधिक महुआ शराब के सेवन से हुई है।
परिजनों का कहना है कि मृतक को उस घर से मृत अवस्था में लाया गया, जहां कथित रूप से महुआ शराब बेची और पिलाई जा रही थी। उनका आरोप है कि अत्यधिक शराब पीने के कारण ही सोमारू राम की जान गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी और पांच छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिवार के सामने अब आजीविका का संकट भी खड़ा हो गया है।
घटना के बाद परिजनों ने जशपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से दूरभाष के माध्यम से शिकायत कर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, परिजनों ने बगीचा पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। यदि परिजनों के आरोप सही पाए जाते हैं, तो अवैध महुआ शराब के कारोबार और उससे जुड़े लोगों पर बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
