अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन, रायपुर द्वारा माना शूटिंग रेंज में 11 से 21 जुलाई तक आयोजित 25वीं राज्य शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में सरगुजा के निशानेबाजों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा। जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में कुल 12 पदक जीतकर सरगुजा का नाम प्रदेशभर में रोशन किया।

राइफल इवेंट की ओपन साइट 50 मीटर राइफल प्रोन सीनियर पुरुष वर्ग में अदीब सिद्दीकी ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। इसी वर्ग की टीम स्पर्धा में अदीब सिद्दीकी, आलोक कुमार सिंह एवं जावेद खान की टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं बंटी मंडल, निशांत सिंह देव और अभिषेक सिंह देव की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया।
पीप साइट 50 मीटर राइफल प्रोन यूथ पुरुष वर्ग में अलकान फिरदौसी ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं ओपन साइट 50 मीटर राइफल प्रोन जूनियर पुरुष वर्ग में अभिषेक सिंह देव ने रजत और अनफ राजा खान ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
पिस्टल स्पर्धा में भी सरगुजा के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रिकॉर्ड शूटर एवं कोच सकील फिरदौसी ने 50 मीटर पिस्टल इंडिविजुअल सीनियर पुरुष वर्ग तथा 10 मीटर पिस्टल इंडिविजुअल मास्टर पुरुष वर्ग में रजत पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर आगामी 10वीं ईस्ट ज़ोन शूटिंग चैंपियनशिप एवं जी. वी. मावलंकर शूटिंग चैंपियनशिप के लिए सरगुजा से अदीब सिद्दीकी, अलकान फिरदौसी, सकील फिरदौसी तथा 10 मीटर पिस्टल जूनियर पुरुष वर्ग के लिए विशेष श्रीवास्तव का चयन किया गया है।
हालांकि, सरगुजा संभाग में अब तक अंतरराष्ट्रीय मानकों की शूटिंग रेंज नहीं होने से खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के लिए रायपुर सहित अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। पर्याप्त सुविधाओं के अभाव के बावजूद खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों का कहना है कि यदि सरगुजा संभाग में आधुनिक शूटिंग रेंज की स्थापना की जाती है, तो यहां के प्रतिभाशाली निशानेबाजों को बेहतर प्रशिक्षण और नियमित अभ्यास का अवसर मिलेगा। इससे न केवल प्रदेश बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सरगुजा के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए देश का नाम रोशन कर सकेंगे।

