ब्रेकिंग जशपुर – पिकअप की जोरदार टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, चालक वाहन समेत फरार

जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के लंजियापारा में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई है, जो मारा तराई से बाइक पर सवार होकर पत्थलगांव की ओर आ रहा था। इसी दौरान लंजियापारा के पास तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल सोनू को तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस फरार पिकअप चालक और वाहन की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है।

-->